बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में नारियल पानी की बड़ी खेप में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शहर के कैंट थाना क्षेत्र के ठिरिया निजाबत खां निवासी जीलानी खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नारियल पानी का थोक का कारोबार करता है। पिछले दिनों बड़ा बाईपास पर स्थित केजीएन ट्रांसपोर्ट से मेरठ के पंजाब सैदपुर निवासी सनी गुप्ता के पास माल भेजा था। यह माल संभल चंदौसी रोड टिगरी निवासी जितेंद्र सिंह के ट्रक यूपी 38 एटी 0695 से भेजा था। मगर, माल नाकिस के चलते वापस भेजा गया, लेकिन ट्रक ड्राइवर और मालिक ने यह माल बेच दिया। जिसके चलते काफी बार माल के पैसे वापस मांगे, लेकिन नहीं दिए।
4.42 लाख रूपये हड़पने का आरोप, जानें क्या बताया पीड़ित ने
जीलानी खां ने आरोप लगाया कि ट्रक ड्राइवर और गाड़ी मालिक ने 8,200 पीस नारियल पानी बेचकर करीब 4.42 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, 19 मार्च 2026 को ट्रांसपोर्ट के जरिए माल भेजा गया था। यह माल मेरठ और पंजाब के लिए भेजा गया था, लेकिन “माल नकिस (खराब) होने” की बात कहकर उसे वापस कर दिया गया। आरोप है कि ट्रक चालक ने माल वापस पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही बेच दिया और रकम हड़प ली, जब पीड़ित ने चालक से संपर्क किया तो वह टालमटोल करता रहा और न तो पैसे लौटाए और न ही माल वापस किया।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में जीलानी खां की तहरीर पर ट्रांसपोर्ट संचालक अब्दुल मतीन, तहसील खान, इश्तियाक खान और ट्रक के मालिक और ड्राइवर के खिलाफ इज्जत नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 (2) के तहत धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
