लखनऊ/सहारनपुर : यूपी के सहारनपुर जिले से एक दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर आज एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, लेकिन इस दर्दनाक दुर्घटना में 10 महीने की मासूम बच्ची चमत्कारिक रूप से पूरी तरह सुरक्षित बच गई। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर
यह हादसा सहारनपुर जनपद के कोतवाली बेहट क्षेत्र में दिल्ली- यमुनोत्री हाईवे पर उस समय हुआ जब किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर जमा लोगों ने बच्ची को उठाकर देखा तो वह पूरी तरह सुरक्षित थी, जिसे देख सभी हैरान रह गए।
दवाई लेने निकले थे भाई-बहन
मृतकों की पहचान मुस्तफा (40 वर्ष) और शाइस्ता (35वर्ष) के रूप में हुई है। मुस्तफा, गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा निवासी थे, जबकि शाइस्ता की शादी मुसैल थाना फतेहपुर क्षेत्र में हुई थी। दोनों शाइस्ता की 10 महीने की बेटी हमना के साथ बाइक पर सवार होकर कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर माली उर्फ मीरगढ़ स्थित किसी हकीम के पास दवा लेने जा रहे थे। तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव सीएचसी भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर बेहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया गया। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
परिजनों में कोहराम, बच्ची को देख छलक पड़े आंसू
हादसे की सूचना जैसे ही मृतकों के परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजन बेहट सीएचसी पहुंचने लगे हैं। सबसे भावुक क्षण तब आया जब परिजनों ने 10 महीने की हमना को सही-सलामत देखा। जहां एक ओर दो जिंदगियां सड़क हादसे में खत्म हो गईं, वहीं बच्ची का सुरक्षित बच जाना एक चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा।
