सपा प्रमुख ने होली ईद मिलन समारोह से दिया सौहार्द का पैगाम,भ्रष्टाचार, महंगाई और गिरती अर्थव्यवस्था पर साधा निशाना महावीर जयंती पर दिया ‘अहिंसा’ और ‘जियो और जीने दो’ का संदेश
लखनऊ : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “गिरने के मामले में रुपये और भाजपा की छवि के बीच ज़बरदस्त मुकाबला चल रहा है।”उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे-जैसे भाजपा नेताओं के कथित कांड और भ्रष्टाचार उजागर हो रहे हैं, वैसे-वैसे पार्टी की छवि लगातार गिरती जा रही है। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा में नैतिक दिवालियापन पहले से था, जो अब चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामलों का खुलासा तो हो रहा है, लेकिन जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही और इस्तीफे नहीं हो रहे।
वैश्विक संकट के दौर में सरकार “तमाशाई” बनी रही

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए। बोले – रुपये की गिरती कीमत, बढ़ती महंगाई, रसोई गैस को लेकर लोगों की परेशानी बन गई है। उन्होंने कहा कि वैश्विक हालात और ऊर्जा संकट को लेकर सरकार की तैयारी कमजोर रही, जिसका असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक संकट के दौर में भारत को मजबूत भूमिका निभानी चाहिए थी, लेकिन सरकार “तमाशाई” बनी रही।उन्होंने विदेश नीति को लेकर भी अप्रत्यक्ष रूप से सवाल खड़े किए।
सपा मुख्यालय में होली-ईद मिलन समारोह, अखिलेश यादव ने दिया सौहार्द का संदेश

सपा मुख्यालय में होली-ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समारोह में गीत-संगीत, कव्वाली और शेरो-शायरी के जरिए आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया गया। डॉक्टर राजरतन अंबेडकर ने संविधान की प्रति भेंट करते हुए देश में एकता और संविधान की भूमिका पर जोर दिया। इस दौरान कलाकारों और मेहमानों का सम्मान किया गया तथा गुजिया-सेवइयों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
महावीर जयंती पर दिया शांति और अहिंसा का संदेश

राजनीतिक बयान के साथ-साथ अखिलेश यादव ने महावीर जयंती के मौके पर देश और दुनिया के लोगों को शुभकामनाएं दीं। सपा मुख्यालय पर महावीर जयंती मनाई गई। इस दौरान सपा प्रमुख ने भगवान महावीर के “जियो और जीने दो” और अहिंसा के सिद्धांत को आज के समय में बेहद प्रासंगिक बताया।उन्होंने लोगों से सह-अस्तित्व, सहनशीलता और शांति के मार्ग पर चलने की अपील की।
