बरेली : यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। बरेली से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख स्पेशल ट्रेनों के फेरों और संचालन अवधि में इजाफा कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के अनुसार 05736 कटिहार -अमृतसर स्पेशल अब 1 अप्रैल से 27 मई तक हर बुधवार चलेगी।05735 अमृतसर-कटिहार स्पेशल 3 अप्रैल से 29 मई तक हर शुक्रवार संचालित होगी। दोनों ट्रेनों को 9-9 अतिरिक्त फेरे दिए गए हैं। कटिहार से आने वाली ट्रेन बरेली में रात 11:05 बजे पहुंचेगी, जबकि अमृतसर से आने वाली ट्रेन 11:07 बजे बरेली पहुंचेगी
मऊ-अंबाला कैंट स्पेशल जुलाई तक विस्तारित
पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार 05301/05302 मऊ-अंबाला कैंट स्पेशल का संचालन बढ़ा दिया गया है। मऊ से यह ट्रेन 2 अप्रैल से 16 जुलाई तक हर गुरुवार चलेगी।अंबाला कैंट से 3 अप्रैल से 17 जुलाई तक हर शुक्रवार संचालित होगी। मऊ से आने वाली ट्रेन बरेली जंक्शन से 15:02 बजे गुजरेगी। अंबाला से आने वाली ट्रेन 10:40 बजे बरेली पहुंचेगी।
मुंबई सेंट्रल -काठगोदाम स्पेशल अप्रैल तक जारी
इज्जतनगर रेल मंडल के अनुसार 09075 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम स्पेशल 1 से 29 अप्रैल तक हर बुधवार, 09076 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल स्पेशल 2 से 30 अप्रैल तक हर गुरुवार चलेगी। इसके अलावा आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल का संचालन भी बढ़ाया गया है। रेलवे कुछ स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने की तैयारी में भी है। टनकपुर -अछनेरा और मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम ट्रेन को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
किराए में आएगी कमी
नियमित होने पर यात्रियों को किराए में कमी और बेहतर टाइमिंग का लाभ मिलेगा। हालांकि, इन ट्रेनों के नियमित संचालन की तारीख अभी तय नहीं हुई है। ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी से बरेली समेत आसपास के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और यात्रा पहले से ज्यादा सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
