बरेली : शहर के कैंट में युवक और युवती से मारपीट कर धार्मिक नारे लगवाने के मामले में आरोपी ऋषभ ठाकुर एक बार फिर सुर्खियों में है।पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन इसी बीच उसकी बहन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।वीडियो में बहन ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने हवालात में ऋषभ की पिटाई की। वहीं, वीडियो में खुद ऋषभ भी एक पुलिस अधिकारी पर पट्टे से मारने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। बहन का दावा है कि ठिरिया क्षेत्र में सार्वजनिक रूप से भी उसके भाई को 35-40 पट्टे मारे गए।
वसूली और लूट के आरोप, पहले से 8 मुकदमे दर्ज
ऋषभ ठाकुर पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। स्पा सेंटर संचालिका से वसूली की ऑडियो वायरल होने के बाद अब दुबई से लौटे युवक शोएब के साथ मारपीट और लूट का मामला भी सामने आया है। आरोप है कि ऋषभ ने पीड़ित से 7,000 रुपये नकद छीने और 2,000 रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर कराए।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस का एक्शन, आरोपी गिरफ्तार
शहर के कैंट थाना क्षेत्र में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पहचान होने पर रविवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में ऋषभ ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को धमकाने और पीटने की बात स्वीकार की है। जिला बदर के बावजूद शहर में छिपकर कर रहा था अपराध। पुलिस जांच में सामने आया कि ऋषभ ठाकुर पहले से ही जिला बदर था, लेकिन इसके बावजूद वह शहर में रहकर लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने उसके पास से 3300 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
दोस्तों के नाम लेकर गुमराह करने की कोशिश
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने कुछ साथियों के नाम लेकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जांच में वे निर्दोष पाए गए।पुलिस ने दोनों युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। दो नए मुकदमे दर्ज कर नेटवर्क की जांच जारी है। एसपी सिटी मानुष पारीक के अनुसार आरोपी के खिलाफ कैंट थाने में दो नए मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
