DGCA की मंजूरी के बाद बड़ा फैसला, अब 1:35 बजे बरेली पहुंचेगी फ्लाइट… सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को मिलेगी सेवा
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली से हवाई यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 30 मार्च 2026 से बरेली से नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है।इंडिगो एयरलाइंस ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की मंजूरी के बाद अपना समर शेड्यूल जारी कर दिया है।
नवी मुंबई एयरपोर्ट से सीधा कनेक्शन
नई व्यवस्था के तहत अब बरेली से चलने वाली फ्लाइट सीधे नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इससे पहले यह सेवा मुंबई एयरपोर्ट के लिए थी। जिसे अब अपग्रेड कर नवी मुंबई से जोड़ा गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन लंबे समय से इस रूट को शुरू करने की कोशिश में था, लेकिन DGCA की अनुमति के बाद अब यह योजना साकार हो गई है।
टाइमिंग में बड़ा बदलाव
नई समय-सारिणी के अनुसार नवी मुंबई से उड़ान भरकर विमान दोपहर 1:35 बजे बरेली पहुंचेगा। इसके बाद 2:20 बजे बरेली से वापस नवी मुंबई के लिए रवाना होगा। पहले यही फ्लाइट दोपहर 2:20 बजे बरेली पहुंचती थी, जिससे यात्रियों को अब लगभग 45 मिनट का समय लाभ मिलेगा।
सप्ताह के दिनों में बदलाव
इंडिगो ने फ्लाइट के संचालन दिनों में भी बदलाव किया है। अब यह सेवा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। रविवार की फ्लाइट को बंद कर दिया गया है। पहले यह फ्लाइट रविवार को चलती थी, जिसे अब शनिवार से रिप्लेस किया गया है।
बेंगलुरु फ्लाइट का भी नया शेड्यूल
बरेली से बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों के लिए भी बदलाव किया गया है।अब यह फ्लाइट सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी।पहले यह सेवा शनिवार को होती थी। जिसे अब रविवार में शिफ्ट कर दिया गया है।
व्यापार और यात्रियों को बड़ा फायदा
बरेली एयरपोर्ट के डायरेक्टर अवधेश कुमार अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि शेड्यूल जारी होते ही इंडिगो की वेबसाइट पर टिकट बुकिंग शुरू कर दी गई है। इस नई सेवा से खास तौर पर झुमका उद्योग, जरी-जरदोजी कारोबारी, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। नवी मुंबई के तेजी से विकसित हो रहे बिजनेस हब तक पहुंच अब और आसान हो जाएगी। एयरपोर्ट प्रबंधन ने नए शेड्यूल को देखते हुए ग्राउंड स्टाफ, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को अपडेट करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है।
