बरेली : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। डीएम अविनाश सिंह ने रविवार को कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता और शुचिता के साथ कराई जाए। यह परीक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रमोशन बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही है। जिसके लिए बरेली जिले में कई परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
केंद्रों पर पहुंचकर जांची सुरक्षा और व्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कुंवर रणजीत सिंह इंटर कॉलेज (नगरिया परीक्षित, इज्जतनगर) और दरबारी लाल शर्मा इन्टर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया।उन्होंने परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी भी ली।
सीसीटीवी निगरानी और सघन तलाशी के निर्देश
डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह नियमों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखें और अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दें।
पहली शिफ्ट में 6,121 और दूसरी में 6,286 अभ्यर्थी शामिल
जिला सूचना विभाग के अनुसार 15 मार्च को आयोजित परीक्षा की पहली शिफ्ट में कुल 8,160 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 6,121 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2,039 अनुपस्थित रहे, तो वहीं दूसरी शिफ्ट में भी कुल 8,160 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 6,286 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,874 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह दोनों शिफ्ट मिलाकर कुल 12,407 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी सौरभ दुबे समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
