बरेली : काज़ी-ए-हिंदुस्तान और दरगाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती असजद रजा खां उमरा की अदायगी के बाद सऊदी अरब से हिंदुस्तान लौट आए हैं और बरेली पहुंचते ही अकीदतमंदों ने उनका जोरदार इस्तकबाल किया। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और जैसे ही उनका काफिला बाहर निकला, “देखो-देखो कौन आया… शेर आया, शेर आया” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। अकीदतमंदों ने फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया।
दरगाह ताजुश्शरिया पर दी हाज़िरी
एयरपोर्ट से निकलने के बाद उनका काफिला सीधे दरगाह ताजुश्शरिया पहुंचा, जहां उन्होंने दरगाह पर हाज़िरी दी और मुल्क व उम्मत की सलामती के लिए दुआ की। इसके बाद वह अपने आवास के लिए रवाना हो गए। दरगाह पर भी बड़ी तादाद में अकीदतमंद मौजूद रहे।
सऊदी में हिरासत की खबर निकली अफवाह
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल हो रही थी कि काज़ी-ए-हिंदुस्तान को सऊदी अरब में हिरासत में लिया गया है। हालांकि अब इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ गई है। बताया गया कि उमरा की अदायगी के बाद रियाद में भीड़भाड़ और मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें एहतियातन कुछ देर के लिए पूछताछ के लिए रोका था। बाद में उन्हें जाने दिया गया, लेकिन इसी सामान्य सुरक्षा जांच को कुछ लोगों ने हिरासत बताकर सोशल मीडिया पर अफवाह के तौर पर फैला दिया।
मुंबई एयरपोर्ट पर भी हुआ था स्वागत
उमरा से वापसी के दौरान वह किंग अब्दुल अजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट के जरिए छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां भी उनके चाहने वालों ने फूलों से उनका इस्तकबाल किया था।
