बरेली : यूपी के बरेली शहर में मेंथा तेल के कारोबारी के लापता होने से सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि मेंथा तेल से जुड़े कारोबारी गौतम कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हो गए हैं। उनके बेटे प्रणव कुमार सैनी ने प्रेमनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कारोबारी के गोदाम की तलाशी के दौरान एक डायरी बरामद की है। इसमें कथित सुसाइड नोट लिखा मिला है। हालांकि, इंस्पेक्टर प्रेमनगर सुरेंद्र सिंह ने The Justice Hindi को बताया कि मेंथा तेल कारोबारी की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। इस मामले में जांच की जा रही है।
डायरी में लिखा-कर्ज और नुकसान से परेशान
विश्वसनीय सूत्रों की मानें, तो पुलिस को मिली डायरी में लिखा है कि व्यापार में भारी घाटे और कर्ज के कारण वह बेहद परेशान हैं। नोट में उल्लेख किया गया है कि मेंथा तेल के ऑनलाइन सट्टे (खरीद फरोख्त) के कारण उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान हो रहा था। उन्होंने लिखा कि वह गंगा में कूदकर आत्महत्या करने का इरादा रखते हैं। परिवार के मुताबिक गौतम कुमार बरेली के सांई धाम कॉलोनी स्थित अपने गोदाम और घर में अकेले रहते थे, जबकि उनका बेटा नोएडा में नौकरी करता है।
रोजाना लाखों का नुकसान होने का जिक्र
गौतम कुमार के बेटे प्रणव सैनी ने मामले की जानकारी सीओ आशुतोष शिवम को दी। उन्होंने बताया कि डायरी में लिखा है कि कई लोग उनसे एमसीएक्स के जरिए मेंथा तेल का सट्टा लगवाते थे। इस कारोबार में उन्हें रोजाना करीब दो लाख रुपये तक का नुकसान हो रहा था, जो महीने में लगभग 50 लाख रुपये तक पहुंच जाता था। सुसाइड नोट में यह भी लिखा गया है कि उन्हें प्रतिदिन करीब 200 से 250 फोन कॉल आते थे, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गए थे।
सुसाइड नोट में कई लोगों के नाम
पुलिस के अनुसार डायरी में कुछ लोगों के नाम भी दर्ज हैं। नोट में लिखा है कि कुछ लोग इस धंधे में रोज लाखों रुपये कमा रहे हैं, जबकि वह लगातार घाटे में जा रहे थे। इसी वजह से उन्होंने जीने की इच्छा खत्म होने की बात लिखी है। पुलिस अब डायरी में दर्ज नामों के आधार पर लोगों से पूछताछ कर रही है।
गोदाम की जांच में कम मिला मेंथा ऑयल
मामले की जांच के दौरान प्रेमनगर थाने के इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने टीम के साथ कारोबारी के गोदाम की जांच कराई। गोदाम में रखे कई ड्रमों में बहुत कम मात्रा में मेंथा ऑयल मिला, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि कारोबार में भारी आर्थिक नुकसान हुआ होगा। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और लापता कारोबारी की तलाश जारी है। अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
