गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते चूल्हे पर बनाया खाना, अचानक कुकर फटने से मचा हड़कंप
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शहर के थाना कैंट क्षेत्र के नकटिया इलाके में मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाते समय अचानक कुकर फट गया। जिससे मां समेत तीन बच्चे झुलस गए। हादसे में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसको जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है।
मिट्टी के चूल्हे पर बन रहा था उड़द और राजमा
मिली जानकारी के अनुसार नकटिया निवासी राम सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी नन्ही देवी घर में मिट्टी के चूल्हे पर उड़द और राजमा बना रही थीं। उस समय उनके बच्चे भी पास ही बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक कुकर में तेज धमाका हुआ और कुकर फट गया। कुकर फटते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और तेज गर्म भाप व उबलते भोजन की चपेट में आने से कार्तिक, नेहा, देवांश और नन्ही देवी झुलस गए।चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल में कराया भर्ती
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक हादसे में कार्तिक गंभीर रूप से झुलस गया है, और उसके शरीर का बड़ा हिस्सा जल गया है। जिसके चलते उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं नेहा, देवांश और नन्ही देवी भी झुलस गई हैं। मगर, उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
10 दिन से थी गैस की किल्लत
परिवार के मुखिया राम सिंह, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने मीडिया को बताया कि पिछले करीब 10 दिनों से इलाके में गैस सिलेंडर की किल्लत चल रही है। सिलेंडर बुक कराने के लिए लंबी लाइन में लगना पड़ता है। इसके बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था।मजबूरी में उनकी पत्नी ने घर में मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाना शुरू किया। जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घायलों का इलाज जारी
इस घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल, जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में घायलों का इलाज जारी है, और डॉक्टर कार्तिक की हालत पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो जाते, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
