बरेली : यूपी के बरेली में चल रही अग्निवीर भर्ती के दौरान एक युवक दौड़ लगाते समय घायल हो गया।संतुलन बिगड़ने से गिरने पर उसके दाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों की मदद से उसे तुरंत एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जिला शाहजहांपुर के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के गांव रावतपुर निवासी शौर्य मिश्रा अग्निवीर भर्ती में शामिल होने के लिए बरेली आया था। शनिवार सुबह वह बरेली स्थित जाट रेजीमेंट मैदान में आयोजित भर्ती प्रक्रिया के तहत दौड़ में भाग ले रहे थे।
ट्रैक पर अचानक बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि दौड़ के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया, और वह ट्रैक पर गिर पड़े। गिरने से उनके दाएं पैर में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद भर्ती स्थल पर मौजूद अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार युवक के दाएं पैर में फ्रैक्चर पाया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
डॉक्टर बोले-हालत में सुधार
अग्निवीर भर्ती के दौरान बड़ी संख्या में युवा सेना में शामिल होने का सपना लेकर पहुंच रहे हैं। इसी बीच यह हादसा हो गया, हालांकि समय रहते युवक को अस्पताल पहुंचा दिए जाने से उसकी हालत नियंत्रण में है। शुक्रवार को भी एक अभ्यर्थी का पैर फ्रैक्चर हो गया था। उसका भी इलाज चल रहा है।
