सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कथित हिरासत की अफवाह निकली बेबुनियाद, 15 मार्च को बरेली पहुंचेंगे काज़ी-ए-हिंदुस्तान
बरेली/मुंबई : काज़ी-ए-हिंदुस्तान सऊदी अरब से अपने अहल -ए- खाना (परिवार) के साथ उमरा की इबादत अदा कर भारत लौट आए हैं। उनकी फ्लाइट सऊदी अरब के जेद्दा एयरपोर्ट से रवाना होकर शनिवार सुबह करीब पांच बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंची। यहां बड़ी तादाद में मौजूद अकीदतमंदों और चाहने वालों ने उनका गर्मजोशी के साथ इस्तकबाल किया और फूलों से स्वागत किया। मुंबई एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही काज़ी -ए- हिंदुस्तान के चाहने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। उनके स्वागत के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें अकीदतमंद उन्हें घेरकर इस्तकबाल करते नजर आ रहे हैं।
15 को आयेंगे बरेली, जोरदार इस्तकबाल की तैयारी
बताया जा रहा है कि काज़ी -ए-हिंदुस्तान रविवार यानी 15 मार्च को बरेली पहुंचेंगे, जहां उनके मुरीदीन और अकीदतमंदों द्वारा जोरदार स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हो रही थी कि सऊदी अरब की राजधानी रियाद में रोजा इफ्तार के दौरान काज़ी-ए-हिंदुस्तान को हिरासत में ले लिया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद उनके चाहने वालों के बीच काफी बेचैनी और चिंता पैदा हो गई थी। हालांकि उसी वक्त जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव और काज़ी -ए-हिंदुस्तान के दामाद फरमान हसन खान उर्फ फरमान मियां ने इन खबरों का स्पष्ट खंडन कर दिया था।उन्होंने कहा था कि सऊदी अरब में हिरासत की खबर पूरी तरह बेबुनियाद और अफवाह है।
सुरक्षा जांच को बताया गया हिरासत
फरमान मियां के मुताबिक पश्चिम एशिया में मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए वहां की एजेंसियां किसी भी बड़ी भीड़ या धार्मिक कार्यक्रम के दौरान ज्यादा सतर्क रहती हैं। इसी वजह से अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सामान्य सुरक्षा जांच की थी। लेकिन कुछ लोगों ने इस रूटीन चेकिंग को गलत तरीके से पेश करते हुए हिरासत की अफवाह फैला दी। उस समय कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी लोगों से अपील की थी कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली किसी भी खबर को बिना तस्दीक यानी पुष्टि के साझा न करें, क्योंकि ऐसी अफवाहें समाज में भ्रम और बेवजह की चिंता पैदा करती हैं।
बरेली में इस्तकबाल की तैयारियां
अब काज़ी-ए-हिंदुस्तान के सकुशल भारत लौट आने के बाद यह पूरी तरह साफ हो गया है कि हिरासत की खबर महज अफवाह थी। वह अपने तय कार्यक्रम के तहत उमरा की इबादत अदा कर सुरक्षित वापस लौट आए हैं। फिलहाल, उनके अकीदतमंद और मुरीदीन बरेली में उनके इस्तकबाल की तैयारियों में जुटे हुए हैं, जहां उनके पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोगों के स्वागत के लिए आने की उम्मीद जताई जा रही है।
