सर्वर डाउन होने से बुकिंग में आई दिक्कत, DM के निर्देश पर एजेंसियों की जांच, ओवररेटिंग या कालाबाजारी पर लाइसेंस निलंबन की चेतावनी
बरेली : में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की कथित कमी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि जिले में कहीं भी गैस या पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं है और सभी एजेंसियों व पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन के मुताबिक जनपद में 91 इंडेन, एचपी और भारत गैस एजेंसियां तथा 193 पेट्रोल पंप पूरी तरह से संचालित हैं और सभी जगह पर्याप्त आपूर्ति मौजूद है। उन्होंने कहा कि गैस बुकिंग में जो दिक्कत सामने आ रही है, वह इंडियन ऑयल कॉपरेशन के सर्वर में तकनीकी समस्या के कारण है। सर्वर डाउन होने से कई उपभोक्ताओं की ऑनलाइन बुकिंग अटक गई, लेकिन आपूर्ति व्यवस्था सामान्य है और सर्वर ठीक होते ही बुकिंग व वितरण पूरी तरह सुचारू हो जाएगा।
कालाबाजारी रोकने के लिए एजेंसियों पर छापे
डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर गैस की कालाबाजारी और ओवररेटिंग रोकने के लिए आपूर्ति विभाग की टीम ने शहर की कई गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान राजेंद्र नगर स्थित योगेश एंटरप्राइजेज, आईवीआरआई रोड की वीना इंडियन गैस सर्विस, हार्टमैन कॉलेज रोड की गोयल एंटरप्राइजेज और स्वाले नगर की बरेली गैस सर्विस के गोदामों का स्टॉक ऑनलाइन रिकॉर्ड से मिलान किया गया। अधिकारियों के मुताबिक निरीक्षण में सभी एजेंसियों का स्टॉक रिकॉर्ड के अनुसार सही पाया गया और मौके पर किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।
ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं में गैस की कमी का भ्रम न फैलने दिया जाए और बुकिंग मिलने पर सिलेंडर जल्द से जल्द घर तक पहुंचाए जाएं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी एजेंसी के खिलाफ ओवररेटिंग या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो उसका लाइसेंस तक निलंबित किया जा सकता है।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला पूर्ति कार्यालय ने हेल्पलाइन नंबर 9456667774 जारी किया है। गैस से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत को इस नंबर पर दर्ज कराया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस एजेंसियों या गोदामों पर भीड़ न लगाएं और फोन कॉल, मिस्ड कॉल, व्हाट्सएप, मोबाइल ऐप या ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे गैस बुकिंग कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, इसलिए लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की कालाबाजारी की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें।
