सपा प्रमुख बोले-जनता के गुस्से से बचने को भाजपा नेताओं ने गाड़ियों से झंडे उतारे, देश के कई शहरों में गैस के लिए लंबी लाइनें, ऑनलाइन बुकिंग में एरर
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार असल समस्या को छिपाने के लिए अफवाह फैला रही है, जबकि जमीनी स्तर पर गैस की कमी साफ दिखाई दे रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सरकार यह स्वीकार कर ले कि गैस की कमी है, तो जनता भी हालात को समझते हुए सहयोग करेगी, लेकिन सरकार लगातार यह कह रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, जबकि कई जिलों में लोग सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़े दिखाई दे रहे हैं।सपा प्रमुख ने कहा कि यूपी के कई शहरों, जैसे लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, गोरखपुर,वाराणसी, और आगरा में गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की लंबी कतारें सोशल मीडिया पर दिखाई दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन गैस बुकिंग भी सही तरीके से नहीं हो पा रही है और कई लोगों को बुकिंग करते समय एरर मैसेज दिखाई दे रहा है।
LPG का मतलब अब ‘लापता गैस’
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “LPG का मतलब अब ‘लापता गैस’ हो गया है।” उन्होंने सवाल उठाया कि अगर गैस की कोई कमी नहीं है तो आखिर जनता लाइन में क्यों खड़ी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जनता के गुस्से से बचने के लिए भाजपा नेताओं ने अपनी गाड़ियों से पार्टी के झंडे तक उतार दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा नेता यह कह रहे हैं कि गैस की कोई कमी नहीं है तो उन्हें जनता के बीच जाकर गैस एजेंसियों से लोगों को सिलेंडर दिलवाना चाहिए।
मीडिया ईस्ट के तनाव का असर तेल कीमतों पर
सपा प्रमुख ने अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए कहा कि इजरायल, ईरान, और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर तेल बाजार पर पड़ा है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर भी पारदर्शिता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में रहने वाले लोग किसी तरह चूल्हे पर खाना बना सकते हैं, लेकिन शहरों और अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के लिए यह स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार समय रहते समस्या का समाधान नहीं करती है तो जनता के बीच नाराजगी और बढ़ सकती है।
इफ्तार में की शिरकत, रोज़ेदारों के साथ किया रोज़ा इफ्तार

सपा की अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी की ओर से लखनऊ में रोज़ा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस मौके पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे। अज़ान के साथ रोज़ेदारों ने सामूहिक रूप से रोज़ा इफ्तार किया और नमाज़ के बाद मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआ की गई। कार्यक्रम में विधायक रविदास मेहरोत्रा सहित शहर के कई गणमान्य लोग और धार्मिक हस्तियां भी शामिल हुईं।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौशाला में की गौ पूजा, संरक्षण और सेवा का दिया संदेश

लखनऊ के गोमतीनगर स्थित ग्राम जगपाल खेड़ा, मजरा भरवारा की शिवराम दुलार गौशाला में ज्योतिर्मठ बद्रीकाश्रम पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने पहुंचकर गौमाता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गायों को माला पहनाई और मिष्ठान व फल खिलाए। इस अवसर पर शंकराचार्य ने कहा कि भारतीय सभ्यता और संस्कृति में गौमाता का विशेष महत्व है और गौशालाओं में उनके संरक्षण, सेवा तथा उचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। कार्यक्रम में गौशाला संचालक अनुराग मिश्र ने शंकराचार्य का स्वागत किया। इस मौके पर डॉ. रमेश दीक्षित, पूर्व विधायक राजेंद्र यादव, पूजा शुक्ला, ममता रावत, पंडित अरुण मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह, अभिषेक दीक्षित, अतहर हुसैन सहित स्थानीय मूक-बधिर स्कूल के बच्चे भी उपस्थित रहे।
शिव दयाल सिंह चौरसिया की जयंती पर सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि, नेताओं ने किया नमन

सपा के राज्य मुख्यालय लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न जिला कार्यालयों में पूर्व सांसद और समाजसेवी शिव दयाल चौरसिया की जयंती मनाई गई। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित कई नेताओं ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, पूर्व मंत्री रामलखन चौरसिया, पूर्व विधायक सुभाष राय समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
