बरेली:सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत शहर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग और आध्यात्मिक ध्यान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम एक्साइट फाउंडेशन की ओर से आयोजित किया जाएगा, जिसमें शहर के वरिष्ठ नागरिकों को योग और ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा।
13 से 19 मार्च तक चलेगा शिविर
जानकारी के अनुसार यह शिविर 13 मार्च से 19 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन वरिष्ठ नागरिकों को योग और ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार शिविर का समय सुबह 6 बजे से 8 बजे तक रखा गया है। इस दौरान नियमित योग कराया जाएगा और इसके साथ आध्यात्मिक ध्यान का कार्यक्रम भी होगा। इसमें शामिल होने वाले लोगों का पंजीकरण सुबह 6 बजे तक किया जाएगा।
लाल फाटक क्षेत्र में होगा आयोजन
यह योग और ध्यान शिविर बहुजन आवास गृह, शिवधाम कॉलोनी, लाल फाटक, बदायूं रोड, बरेली में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सभी वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों की भागीदारी निःशुल्क रहेगी।
वरिष्ठ नागरिकों से शामिल होने की अपील
आयोजकों ने शहर के सभी वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों से अपील की है कि वे इस शिविर में शामिल होकर योग और ध्यान का लाभ उठाएं। साथ ही मीडिया से भी इस प्रेस विज्ञप्ति को प्रकाशित करने का अनुरोध किया गया है।
