बरेली : उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन से राजस्थान की राजधानी जयपुर तक सीधे रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में रेलवे ने पहल तेज कर दी है। बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन को खातीपुर से जयपुर तक बढ़ाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। उत्तर पश्चिमी रेलवे ने इस प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड के पास भेज दिया है। प्रस्ताव में ट्रेन की गति बढ़ाने का भी सुझाव दिया गया है, ताकि यात्रियों को कम समय में लंबी दूरी तय करने की सुविधा मिल सके।
कोरोना काल में बंद हुई थी ट्रेन, पांच साल बाद फिर शुरू
बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन का संचालन कोरोना महामारी के दौरान रोक दिया गया था। करीब पांच साल तक बंद रहने के बाद 30 जनवरी से इस ट्रेन को फिर से चलाया गया।अनारक्षित श्रेणी की यह पैसेंजर ट्रेन फिलहाल बरेली से बांदीकुई के बीच चल रही है और लगभग 418 किलोमीटर की दूरी तय करती है।
55 स्टेशनों पर रुकती है ट्रेन
यह ट्रेन अपने रूट में कुल 55 स्टेशनों पर ठहराव करती है। इसकी वजह से छोटे और ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को भी लंबी दूरी की यात्रा का फायदा मिलता है। रोजाना चलने वाली इस ट्रेन से उन लोगों को खास राहत मिलती है जिन्हें छोटे स्टेशनों से बड़े शहरों तक यात्रा करनी होती है।
बरेली से जयपुर के लिए रोजाना ट्रेन की कमी
बरेली से जयपुर के लिए फिलहाल कोई नियमित दैनिक ट्रेन उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से रेलवे इस पैसेंजर ट्रेन को स्पीड अप करते हुए खातीपुर के रास्ते जयपुर तक बढ़ाने की संभावना पर काम कर रहा है।उम्मीद जताई जा रही है कि नए वित्तीय वर्ष में इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला सामने आ सकता है।
मतुआ समाज मेले के लिए विशेष ट्रेन
इसी बीच यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। मतुआ समाज मेले के अवसर पर 05030 -29 काठगोदाम-ठाकुरनगर विशेष ट्रेन का संचालन दोनों दिशाओं में एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा।
15 और 18 मार्च को चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 15 मार्च को काठगोदाम से यह विशेष ट्रेन सुबह 10 बजे रवाना होगी। रास्ते में हल्द्वानी, लालकुआं और किच्छा होते हुए दोपहर 12:30 बजे बरेली सिटी और 1:30 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन लखनऊ, गोरखपुर, छपरा, बरौनी, कटिहार, मालदा टाउन, रामपुरहाट और दमदम सहित कई प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए अगले दिन रात 8:40 बजे ठाकुरनगर पहुंचेगी। वहीं वापसी में 18 मार्च को ठाकुरनगर से यह ट्रेन सुबह 10:20 बजे चलेगी और अगले दिन रात 11:30 बजे काठगोदाम पहुंचेगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले समय सारिणी की जानकारी लेने की अपील की है।
