बरेली : शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 50 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति पुराने प्रेम संबंध के चलते अपनी कथित प्रेमिका के मायके जा पहुंचा और तमंचे जैसी दिखने वाली वस्तु से उसे धमकाने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से पकड़ लिया। जांच में पता चला कि वह असली तमंचा नहीं, बल्कि तमंचे के आकार का लाइटर था।
महिला ने पुलिस को किया कॉल
शहर के प्रेमनगर थाने की कानूनगोयान चौकी पर तैनात प्रभारी सरताज सैफी को एक महिला ने फोन कर सूचना दी कि एक व्यक्ति उसके घर के बाहर खड़ा होकर धमकी दे रहा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और 50 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
15 साल पुराना संबंध, अब बना विवाद की वजह
प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों ही शादीशुदा हैं और करीब 15 वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे, महिला ने हाल ही में लोकलाज और पारिवारिक कारणों से उससे बात करना बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर व्यक्ति पहले उसके घर और फिर मायके तक पहुंच गया।
परिवार भी हुआ परेशान
पुलिस के मुताबिक दोनों के बच्चे बड़े हो चुके हैं, और परिवारजन इस संबंध से पहले से ही नाराज थे।सोमवार देर रात तक थाने में दोनों पक्षों के बीच पंचायत चलती रही। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी में है। मगर, इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
