शाहजहांपुर/बरेली : यूपी के शाहजहांपुर जिले के तिलहर क्षेत्र स्थित एक धार्मिक स्थल में दो नाबालिग बच्चों की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। आरोप है कि धार्मिक स्थल परिसर में चोरी के शक में दोनों बच्चों को पकड़कर कई लोगों ने मारपीट की।
साधु वेशधारी ने लातों से पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक साधु वेशधारी व्यक्ति ने एक बालक का हाथ पकड़कर उसे कई बार लात मारी, जबकि दूसरे आरोपी ने चप्पल से पिटाई की। वीडियो में दोनों बच्चे गिड़गिड़ाते नजर आ रहे हैं, लेकिन मारपीट करने वाले उन पर रहम नहीं कर रहे। मौके पर मौजूद अन्य लोग भी मूकदर्शक बने रहे।
महिलाओं के रुपये चोरी करने का आरोप
तहरीर देने वाले तिलहर कस्बा निवासी लोकेश कुमार के अनुसार, आरोप है कि दोनों बालकों ने धार्मिक स्थल में आई दो महिलाओं के रुपये चुरा लिए थे। इसी आरोप में लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। घटना के दौरान खाकी वर्दी पहने एक व्यक्ति भी वहां खड़ा दिखाई दे रहा है, लेकिन उसने बच्चों को बचाने की कोशिश नहीं की।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में थाने में तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी जुगल किशोर पाल ने मीडिया को बताया कि शिकायत मिली है, और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और बाल संरक्षण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
