बरेली : हाल ही में रिलीज हुई कुछ फिल्मों को लेकर बरेली में विवाद खड़ा हो गया है। यादव समाज और ब्राह्मण समाज से जुड़े लोगों ने प्रशासन के समक्ष आपत्ति दर्ज कराते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व श्रमिक सभा के जिला अध्यक्ष यशवीर सिंह ने किया।
इन फिल्मों पर जताई आपत्ति
ज्ञापन में दो फिल्मों यादव जी की लव स्टोरी और घूसखोर पंडित का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि इनमें समाज विशेष की छवि को गलत ढंग से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फिल्मों की कहानी और कुछ संवाद यादव और ब्राह्मण समाज की भावनाओं को आहत करते हैं,जिससे गलत संदेश फैल सकता है।
प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
कलेक्ट्रेट में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि इस तरह की फिल्मों से धार्मिक और जातीय आधार पर तनाव की स्थिति बन सकती है।ज्ञापन देने पहुंचे लोगों ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा फिल्मों की सामग्री की जांच कर उचित कदम उठाए जाएं।
आंदोलन की दी चेतावनी
श्रमिक सभा के जिला अध्यक्ष यशवीर सिंह ने कहा कि यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो समाज के लोग बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि यह विरोध किसी वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
सामाजिक सौहार्द पर जोर
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाता है, लेकिन किसी भी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है। अब देखना होगा कि इस विवाद पर आगे क्या कार्रवाई होती है।
