रायबरेली और फतेहपुर में सपा प्रमुख के तीखे बयान, सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ/रायबरेली/फतेहपुर : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शुक्रवार को रायबरेली और हुसैनगंज (फतेहपुर) में आयोजित कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार और भाजपा नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “आखिर क्या वजह है कि दोनों डिप्टी सीएम मिलकर भी सजा नहीं दिला पा रहे हैं,” और बटुकों/धार्मिक हस्तियों के अपमान के मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि सजा नहीं दिला पा रहे तो “मुख्यमंत्री जापान चले जाएंगे।” सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा समाज में विभाजन की राजनीति कर रही है और संवैधानिक मूल्यों का पालन नहीं कर रही।

जापान दौरे पर सवाल, ‘क्योटो मॉडल’ का जिक्र
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जापान दौरे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यदि जापान जा रहे हैं, तो क्योटो भी देखें और बताएं कि काशी को क्योटो जैसा बनाने का वादा क्यों पूरा नहीं हुआ। उन्होंने दौरे को ‘मनसुख -पर्यटन’ बताते हुए निवेश और विकास के ठोस परिणामों पर सवाल उठाए।
अमेरिका डील पर पारदर्शिता की मांग
सपा प्रमुख ने अमेरिका के साथ कथित डील को लेकर भी केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि या तो सरकार स्पष्ट करे कि क्या समझौता हुआ या बाहरी हस्तक्षेप के दावों को खारिज करे। उनके अनुसार, यह देश की संप्रभुता और किसानों-युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है।
लाउडस्पीकर, बुलडोजर और वोटर लिस्ट पर भी बयान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि अदालतों ने स्पष्ट किया है कि न्याय देने का अधिकार कोर्ट का है, “बुलडोजर से न्याय नहीं हो सकता।” साथ ही उन्होंने वोटर लिस्ट और SIR को लेकर भी सवाल उठाए।
