बरेली: भोजीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हाल ही में हुई डकैती की घटना में वांछित थे।
कैसे हुआ आमना-सामना?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, थाना भोजीपुरा पुलिस गश्त और वांछित अपराधियों की चेकिंग कर रही थी। महेशपुर शिवसिंह मार्ग पर एक पिकअप वाहन संदिग्ध हालत में दिखाई दिया, जिसकी नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी। जब पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक तेज रफ्तार में भागने लगा। नहर किनारे दौड़ के दौरान पिकअप वाहन एक पेड़ से टकरा गया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई
वाहन छोड़कर भाग रहे आरोपियों ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक रुक्मेश सिंह और कांस्टेबल संजय सागर घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान अकरम अली और आसिफ नाम के दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके दो साथी साहिल और शाहिद को मौके से दबोच लिया गया।
डकैती के मामले में थे वांछित
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी थाना भोजीपुरा में दर्ज डकैती के एक मामले में वांछित थे, जो 12 और 13 फरवरी की रात धौराटांडा क्षेत्र में हुई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि घायल आरोपी अकरम और आसिफ ने इससे पहले हरदोई जिले के शाहाबाद थाना क्षेत्र में भी एक डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, कारतूस और एक पिकअप वाहन बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
