बरेली : यूपी के बरेली देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम सिपाई कायस्थान के जंगल में कुछ लोग गौकशी की तैयारी में जुटे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस पर फायरिंग, बाल-बाल बचे कांस्टेबल
पुलिस टीम जब जंगल के पास पहुंची, तो बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली कांस्टेबल रिंकू के बाजू को छूते हुए निकल गई। हालांकि, समय रहते पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।
जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राजू नामक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। मौके से उसे दबोच लिया गया। उसकी तलाशी में अवैध 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध छुरी बरामद की गई।
एक और आरोपी गिरफ्तार, उपकरण बरामद
मौके से पुलिस ने इकराम नामक आरोपी को भी गिरफ्तार किया।उसके पास से गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अंधेरे का फायदा उठाकर पांच अन्य आरोपी जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश में आसपास के इलाकों में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
घायलों का इलाज को कराया भर्ती, जांच तेज
घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए CHC भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं।
