राजस्थान : चाकसू में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। कोटा–जयपुर नेशनल हाईवे एनएच-52 पर टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे का कारण कार चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार सभी लोग बुरी तरह उसमें फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू कराया। चाकसू थाना एसएचओ मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि कार में सवार सभी यात्री मध्य प्रदेश के जबलपुर के निवासी थे और उज्जैन से जयपुर की ओर आ रहे थे। बताया गया कि सभी लोग महाकाल दर्शन के बाद खाटू श्याम के दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान यह हादसा उनके लिए काल बनकर सामने आया।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के लिए क्रेन मंगवाई गई और काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार को ट्रेलर के नीचे से बाहर निकाला गया। इसके बाद ही हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतकों की पहचान उनके परिजनों के पहुंचने के बाद की जाएगी। दुर्घटना थाना पुलिस के जांच अधिकारी जयसिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे शनिवार शाम तक चाकसू पहुंच सकते हैं। इसके बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सावधानी की जरूरत को उजागर कर दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि नींद या थकान की स्थिति में वाहन चलाने से बचें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
