शाहजहांपुर/बरेली : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।जालंधर से बहराइच जा रही एक निजी स्लीपर बस तेज रफ्तार के कारण दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अनियंत्रित होकर खुटार क्षेत्र में खाई में पलट गई। हादसे में 15 यात्री घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख -पुकार और कोहराम मच गया।
सुबह छह बजे हुआ हादसा, ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
हादसा सुबह करीब 6 बजे खुटार थाना क्षेत्र के गांव नवदिया मनकंठ के पास, खुटार-पूरनपुर मार्ग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पूरनपुर की ओर से बहुत तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ा और बस सड़क किनारे बनी खाई में पलट गई। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने बस को पलटा देख, तुरंत पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की।
15 यात्री घायल, सभी बहराइच के रहने वाले
पुलिस के अनुसार, हादसे में 15 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायल बहराइच जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों और यात्रियों के मुताबिक बस में करीब 90 सवारियां थीं, जबकि पुलिस ने बस में 55 यात्रियों के सवार होने की पुष्टि की है।
घायलों को सीएचसी भेजा
सूचना मिलते ही खुटार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजकर इलाज की व्यवस्था कराई। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
यात्रियों को दूसरी बस से किया रवाना
हादसे के बाद सुरक्षित बचे यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से बहराइच रवाना किया गया,ताकि उनकी यात्रा पूरी हो सके। खुटार थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने मीडिया को बताया कि,“सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है। तहरीर मिलने पर बस चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
