लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा प्रहार किया। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में आयोजित चौहान समाज सम्मेलन के दौरान अखिलेश ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी, भ्रष्टाचार, और तानाशाही रवैये का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में आज किसानों को न तो उनकी फसलों के सही दाम मिल रहे हैं और न ही उन्हें कोई सम्मान।
“किसान हो रहा अपमानित, सरकार कमिशनखोरी में उलझी”

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों की पूरी तरह से अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि “धान, मूंगफली और अब गेहूं खरीद में घोटाले हुए। किसान के खून-पसीने की कमाई का मजाक बनाया जा रहा है। न दाम दिया गया, न इज्जत। खेती के उपकरण महंगे, बिजली महंगी, खाद महंगी, और किसान को बदले में अपमान।”
“अफसर मलाईदार पोस्ट पर, निवेश हो रहा बाहर”

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों पर भी बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के अफसर उत्तर प्रदेश की बजाय दूसरे राज्यों में निवेश कर रहे हैं और सरकारी पदों का इस्तेमाल निजी लाभ के लिए कर रहे हैं। उन्होंने लखनऊ के एक चर्चित अधिकारी का ज़िक्र करते हुए कहा कि उनके शागिर्दों के फोन में नेताओं और अधिकारियों के नंबर पाए गए हैं, जो भ्रष्टाचार की गहराई दिखाता है।
“भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा, जनता पर तानाशाही”

सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार को तानाशाह करार देते हुए कहा कि अगर कोई सवाल करता है या आवाज़ उठाता है, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है। उन्होंने किसानों के घर बिना नोटिस के गिराए जाने, एनओसी रोककर वसूली करने, और जनता को झूठे मामलों में फंसाने जैसे आरोप लगाए।
“PDA वर्ग के साथ अन्याय अब बर्दाश्त नहीं”
उन्होंने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को समाजवादी पार्टी की ताकत बताते हुए कहा कि इस वर्ग को हमेशा दबाने की कोशिश की गई, लेकिन अब यह समुदाय एकजुट हो चुका है। उन्होंने कहा कि “यही वजह है कि भाजपा को अब जातिगत जनगणना करनी पड़ी, लेकिन हम ये सुनिश्चित करेंगे कि इसमें कोई धांधली न हो।”
“किसानों की पगड़ी कई बार उछाली गई”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने किसान नेता राकेश टिकैत के साथ हुए दुर्व्यवहार का ज़िक्र करते हुए कहा कि किसानों की पगड़ी केवल एक बार नहीं, बल्कि कई बार उछाली गई है। भाजपा सरकार ने किसानों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई है।
“403 विधानसभा सीटों में अब ‘चार सौ बीसी’ नहीं चलेगी”
उन्होंने सरकार पर चुनावी धांधली के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि “भाजपा हमेशा चुनावी चालबाजियों से जीतती है, लेकिन इस बार प्रदेश की जनता जाग चुकी है। अब 403 विधानसभा सीटों में उनकी ‘चार सौ बीसी’ नहीं चलेगी।”
“JPNIC को बंद करना भाईचारे पर हमला”
उन्होंने JPNIC कन्वेंशन सेंटर को बंद किए जाने की निंदा करते हुए कहा कि यह देश का सबसे आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र था और भाजपा सरकार ने भाईचारे के प्रतीकों पर हमला किया है।
“मिश्रा जी जैसे लोग सपा की ताकत”
अपने संबोधन के अंत में अखिलेश यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेता मिश्रा जी की तारीफ करते हुए कहा कि वे संघर्ष और साहस का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि “हमले भी झेले, जेल भी गए, लेकिन झुके नहीं। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दिनों महफिल सजाई गई किसी और की थी, लेकिन लूट कोई और कर गया।” इस दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल समेत तमाम प्रमुख नेता मौजूद थे।
