मृतक का फाइल फोटो
बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव डगरौली निवासी 51 वर्षीय मोर सिंह, जो बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के पद पर तैनात थे। उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मोर सिंह छह दिसंबर को ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बाहर रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। मगर,डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
मोर सिंह की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ज्ञानेश्वरी देवी और उनके चार बच्चों का रो- रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, परिवार पहले से ही गहरे दुख में था। क्योंकि, 22 नवंबर को मोर सिंह की पत्नी कमला देवी की मौत हो चुकी थी। महज कुछ ही दिनों के अंतराल में पति-पत्नी दोनों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के बेटे विवेक यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मां की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल था, और उन्होंने पिता के लिए छुट्टी की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों ने छुट्टी नहीं दी और उन्हें ड्यूटी पर भेजा गया। परिवार ने संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस का कहना है कि हादसे के संबंध में अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने में जुटी है।
