लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बीते तीन दिनों में आई तेज आंधी, बारिश और तूफान ने कहर बरपाया है। इस प्राकृतिक आपदा में 50 से अधिक लोगों की असामयिक मौत हो गई है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। इस दुखद घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
सरकार करे मुआवजा और राहत कार्य तेज: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि वह पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक मुआवजा दे और उन्हें हरसंभव सहायता पहुंचाए। उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान और बारिश से दर्जनों जिलों में घर गिर गए, जीवन अस्त-व्यस्त हो गया, हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर समेत कई जिलों में जल भराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है।
जिलों के हिसाब से मौतों का विवरण
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जानकारी दी कि लखनऊ और आसपास के 10-12 जिलों में करीब 17 लोगों की मौत हुई। कानपुर और उसके आसपास के जिलों में लगभग 22 मौतें दर्ज की गईं। फतेहपुर जिले में 6 लोगों की जान गई। मेरठ और बागपत में दो-दो मौतें,हाथरस और अलीगढ़ में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई। इसके अतिरिक्त, अन्य जिलों से भी हताहतों की खबरें आ रही हैं।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि,“भाजपा सिर्फ कागजी घोषणाएं करती है, जमीन पर कोई राहत नहीं पहुंचती। लोकतंत्र में सरकार की जिम्मेदारी जनहित और लोक कल्याण के लिए होती है, लेकिन यह सरकार भेदभावपूर्ण और असंवेदनशील रवैया अपनाती है।” उन्होंने कहा कि किसानों, गरीबों और पीड़ितों की उपेक्षा भाजपा सरकार का चरित्र बन चुका है। पिछले कई आपदाओं में भी सरकार ने केवल घोषणाएं कीं, लेकिन कार्यान्वयन शून्य रहा। समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों को समुचित मुआवजा दे। राहत शिविर और पुनर्वास कार्य युद्धस्तर पर चलाए। और किसानों तथा मज़दूरों की मदद के लिए विशेष पैकेज की घोषणा करे।
![]()
