बरेली/बदायूं : उत्तर प्रदेश सरकार की “भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन” नीति के अंतर्गत भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जनपद बदायूं की गुन्नौर तहसील के लेखपाल को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बदायूं के थाना जुनावई क्षेत्र के ग्राम कादरबाद में तैनात लेखपाल चंद्र प्रकाश के खिलाफ की गई, जो कि हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता हरवेंद्र कुमार, निवासी ग्राम बड़रौनी, थाना बिल्सी, जनपद बदायूं ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन को जानकारी दी थी कि लेखपाल चंद्र प्रकाश उनसे हैसियत प्रमाण पत्र जारी करने के बदले 5,000 रुपये की मांग कर रहा है। हरवेंद्र की शिकायत पर बरेली से पहुंची टीम ने प्रभारी निरीक्षक काशीनाथ उपाध्याय के नेतृत्व में जाल बिछाया और योजनाबद्ध तरीके से लेखपाल को तहसील बिसौली के सामने स्थित एक किराए के मकान में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
लेखपाल का पर्दाफाश
जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि आरोपी लेखपाल प्रमाण पत्र की ‘फीडिंग’ और दस्तावेजों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के नाम पर अवैध धन की मांग करता था, जैसे ही हरवेंद्र कुमार ने पैसे दिए, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी को विधिक कार्यवाही के लिए कुंवरगांव, जनपद बदायूं भेज दिया गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जानें क्या बोले एसपी एंटी करप्शन
पुलिस उपाधीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि ऐसे मामलों में आमजन बिल्कुल न डरें और भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी शिकायत की तुरंत सूचना दें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। मोबाइल नंबर 9454405475 पर शिकायत कर सकते हैं। मोबाइल नंबर (प्रभारी निरीक्षक) पर 9454401653 शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
![]()
