लखनऊ/मुरादाबाद : यूपी के मुरादाबाद से चौंकाने वाली घटना सामने आई हैं। यहां हार्ट अटैक की वजह से एक युवक की असमय मौत हो गई। इससे पहले भी एक युवक की ऐसे ही मौत हो चुकी है। गुरुवार को मोहम्मद रिहान (28 वर्ष) घर से खाना खाकर दुकान पर जा रहे थे। वह अचानक सड़क पर गिर गया और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। इसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है।
अचानक सड़क पर गिरकर युवक की मौत
मुरादाबाद के मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी मोहम्मद रिहान (28 वर्ष) काबुली चौक, भोजपुर से गुजर रहे थे। वह अपने घर से खाना खाकर पैदल निकले थे, जैसे ही वह काबुली चौक पहुंचे। उन्हें अचानक चक्कर आया और वे सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें पास के चिकित्सक के पास पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
छह महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में कोहराम
रिहान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी फौजिया कुरेशी, मां रऊफी, पिता गुफरान कुरैशी और अन्य परिजन शव से लिपटकर रोते रहे। रिहान की शादी अभी छह महीने पहले ही हुई थी। जिससे यह घटना और भी अधिक दर्दनाक हो गई। इससे पहले बाइक चलाते वक्त युवक को अप्रैल, 2025 में हार्ट अटैक आया था। मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के पचपेड़ा मोहल्ला से हंजला (22 वर्ष), निवासी भेंड़ा वाली गली गुजर रहे थे। उनकी अप्रैल में एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई थी। हंजला को बाइक चलाते समय अचानक हार्ट अटैक आया। यह पूरा हादसा वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया था।
राहगीरों ने की मदद, लेकिन नहीं बच सकी जान
हंजला की बाइक बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गई और वह सड़क पर गिर गया। राहगीरों ने तत्काल CPR दिया, पानी के छींटे मारे, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। हंजला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, तनाव, अनियमित जीवनशैली, असंतुलित खानपान, और अनदेखा स्वास्थ्य ऐसे मामलों के पीछे प्रमुख कारण बन रहे हैं। अब जरूरत है कि युवा भी समय रहते स्वास्थ्य जांच और जीवनशैली में सुधार को गंभीरता से लें।
![]()
