फतेहपुर सीकरी/आगरा/लखनऊ : यूपी और राजस्थान की सीमा पर स्थित ग्राम दौलतगढ़ (फतेहपुर सीकरी) के पास एक दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग अब भी मिट्टी के नीचे दबे हुए हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब लोग चंबल पाइपलाइन प्रोजेक्ट के तहत चल रही खोदाई से मिट्टी निकालने गए थे।
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/AP8vTVthOmc?si=I5EqBA51nmoYRRP5
जानें कैसे हुआ हादसा?
घटना राजस्थान के गहनोली थाना क्षेत्र में आती है। जहां दौलतगढ़ गांव के समीप चंबल पाइपलाइन के लिए गहरी खुदाई चल रही थी। रविवार सुबह मिट्टी की दीवार (ढांग) अचानक ढह गई। जिससे दर्जनभर ग्रामीण महिलाएं और पुरुष मिट्टी के नीचे दब गए।
अब तक 4 की मौत, कई लापता

प्रशासन ने पुष्टि की है कि हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें अनुकूल उर्फ अंकुर, विमला देवी उर्फ बिल्ला, योगेश कुमारी और विनोद कुमारी की मौत की बात सामने आई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में हाहाकार मच गया, और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। गहनोली थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
बचाव कार्य जारी
ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जेपी मशीनें, फावड़े, और जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का प्रयास हो रहा है। अब भी आशंका है कि कई लोग मिट्टी में दबे हुए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
लापरवाही पर उठे सवाल
घटनास्थल पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। ग्रामीणों का आरोप है कि खोदाई के समय न सुरक्षा उपकरण दिए गए और न ही प्रशासन की निगरानी थी, जिससे हादसा हुआ।
