आगरा/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बाह क्षेत्र से एक खौफनाक घटना सामने आई है। शनिवार सुबह खेड़ा राठौर के भगवानपुरा गांव के पास चंबल नदी में एक मगरमच्छ ने महिला पर हमला कर दिया। 55 वर्षीय सिरोमनी देवी मवेशियों को पानी पिला रही थीं, तभी मगरमच्छ ने उन्हें अपनी पकड़ में ले लिया और नदी के गहरे पानी में खींच ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार
मगरमच्छ ने सिरोमनी को करीब तीन घंटे तक अपने जबड़े में जकड़ कर रखा, जिससे मौके पर मौजूद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना सुबह करीब 8 बजे की है। सिरोमनी के साथ मौजूद मूला देवी ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ की ताकत के आगे असफल रहीं।
चीख-पुकार सुन गांववाले नदी में कूदे, चला रेस्क्यू ऑपरेशन
चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग लाठियों, डंडों और जालों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए नदी में उतरकर करीब 3 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मगरमच्छ जिस डीप पूल में सिरोमनी को खींचकर ले गया था, उसे चारों ओर से घेर लिया गया। ग्रामीणों ने ट्यूब पहनकर नदी में उतरकर जाल फैलाया। चौतरफा घिरने के बाद मगरमच्छ ने सिरोमनी का शव छोड़ दिया और नदी में भाग निकला।
शव बरामद, शरीर पर मगरमच्छ के हमले के गहरे निशान
जब शव बरामद किया गया, तो सिरोमनी देवी के सिर, गर्दन, पेट, कान और पैरों पर गहरे घाव थे, जो मगरमच्छ के हमले की भयावहता को दर्शाते हैं। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
प्रशासन मौके पर, मुआवजे का भरोसा
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार दयाचंद पौरुष, खेड़ा राठौर पुलिस, और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने मृतका के परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है।
डर और दहशत का मंजर
इस पूरी घटना को गांव के लोग तीन घंटे तक भय के साये में देखते रहे। ग्रामीणों ने बताया कि मगरमच्छ बार-बार गहरे पानी में उछाल मार रहा था और हर बार उसके जबड़े में फंसी सिरोमनी दिखाई दे रही थीं। यह दृश्य देखकर हर कोई सहम गया। फिर भी ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और मगरमच्छ को महिला का शव छोड़ने पर मजबूर कर दिया।
