लार थाना क्षेत्र के जनुआ गांव में दर्दनाक दुर्घटना, मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल
देवरिया : यूपी के देवरिया जिले से एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां एक निर्माणाधीन टीनशेड के पाइप में उतरे करंट की चपेट में आने से सेना के जवान समेत तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा जिले के लार थाना क्षेत्र के जनुआ गांव में शुक्रवार शाम को हुआ। हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान मोनू पांडे (27 वर्ष), पवन कुशवाहा (18 वर्ष) और शिवम पांडे (22 वर्ष) के रूप में हुई है। इसमें अजय (22 वर्ष),जय शंकर शर्मा (25 वर्ष), त्रिभुवन पांडे (45 वर्ष),कृष्ण बिहारी पांडे (50 वर्ष) और बिहार के भागलपुर निवासी वेद प्रकाश पांडे (22 वर्ष) घायल हैं। उनको इलाज को भर्ती कराया गया है। वेद प्रकाश पांडे अपने मामा के घर आए थे।
जानें कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जनुआ गांव में एक घर पर टीनशेड डाला जा रहा था। टीन शेड के पाइप को जैसे ही ऊपर उठाया गया। वह गलती से पास से गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आ गया। लोहे का पाइप करंट का सुचालक होने के कारण शॉक ने तुरंत पूरे पाइप को चपेट में ले लिया। जिससे उसे पकड़ने वाले सभी लोग बिजली के झटके से तड़पने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनते ही लाठी-डंडों से पाइप को अलग किया और तत्काल सभी घायलों को लार सीएचसी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी पांच की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सेना के जवान की बहन की 18 दिन बाद शादी

मृतक मोनू पांडे भारतीय सेना में कार्यरत थे और हाल ही में छुट्टी पर बहन की शादी के लिए गांव आए थे। उनकी बहन की 18 दिन बाद शादी है। इस हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। परिवार पर इस घटना से गहरा दुख छा गया है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
जानें क्या बोलीं डीएम दिव्या मित्तल
डीएम दिव्या मित्तल ने मीडिया को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मौत हो गई है। पांच घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना लार की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है है। स्थानीय विद्युत विभाग की भी टीम जांच कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और हादसे की विधिवत जांच की जा रही है। स्थानीय विधायक ने भी दुख जताया है। इससे पहले जौनपुर में बिजली हादसे में कई लोगों की जान गई थी।
![]()
