लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने डिजास्टर प्लानिंग स्टाफ के साथ की बैठक, नर्सिंग होम और शिक्षण संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था की जांच के निर्देश
बरेली: आपदा प्रबंधन और राहत व्यवस्था को और मजबूत करने को शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डिजास्टर प्लानिंग स्टाफ के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी, उपाध्यक्ष (मुख्य सचिव स्तर) ने की। बैठक में डीएम अविनाश सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।बैठक में आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के साथ-साथ निगरानी और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया। लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने निर्देश दिए कि आपदा कक्ष में LED स्क्रीन के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति की जानकारी समय रहते अधिकारियों तक पहुंच सके।
नर्सिंग होम और स्कूल-कॉलेजों में अग्निशमन व्यवस्था की जांच
बैठक में जिले के सभी नर्सिंग होम और शिक्षण संस्थानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही इन उपकरणों की समय-समय पर जांच कराने को कहा गया, ताकि आग या किसी अन्य दुर्घटना की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
कंट्रोल रूम की पहचान और टोल-फ्री नंबर पर जोर
आपदा राहत के तहत जहां भी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।वहां स्पष्ट रूप से बैनर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे जरूरत पड़ने पर आम लोग आसानी से कंट्रोल रूम तक पहुंच सकें। इसके साथ ही आपदा से जुड़ी शिकायतों और सूचनाओं के लिए टोल-फ्री नंबर संचालित करने पर भी जोर दिया गया।अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आपदा की स्थिति में संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और राहत-बचाव से जुड़ी जानकारी का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
बाढ़ की निगरानी के लिए वायरलेस फोन और सैटेलाइट सिस्टम
बैठक में संचार व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए वायरलेस फोन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य सैटेलाइट के माध्यम से बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने और जरूरत पड़ने पर संचार व्यवस्था को बनाए रखना है।
आपदा निबंधक कार्यालय का भी निरीक्षण
बैठक के बाद लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने आपदा निबंधक कार्यालय का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कार्यालय में रंगाई-पुताई समेत आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीएम अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव मौर्य, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) संतोष कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दिए गए निर्देशों का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में समय पर सूचना, बेहतर निगरानी, मजबूत संचार व्यवस्था और तेजी से राहत-बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।
